शमन की आड़ में नहीं बच पाएंगे बिल्डर, लखनऊ में अवैध निर्माण पर सीलिंग अभियान चलाएगा
लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) शमन आवेदन की आड़ में अवैध निर्माण करने वालों पर सख्त कार्रवाई करेगा।
राजधानी में नियमों के विपरीत निर्माण करने वाले शमन आवेदन की आड़ लेकर नहीं बच पाएंगे। एलडीए ऐसे बिल्डरों और भवन स्वामियों को चिह्नित कर रहा है, जिन्होंने शमन के लिए आवेदन किया, लेकिन न तो निर्धारित शुल्क और न ही सही तरीके से मानचित्र जमा किया है।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने मंगलवार को शमन के जोनवार लंबित मामलों की समीक्षा बैठक में पाया कि प्रवर्तन की कार्रवाई के चलते कुछ बिल्डरों ने शमन मानचित्र के लिए आनलाइन आवेदन तो किया, लेकिन आगे की प्रक्रिया में कोई रुचि नहीं दिखाई।
अधिकारियों के संपर्क करने पर वे टालमटोल कर रहे हैं। ऐसे सभी प्रकरणों को चिह्नित कर भवन स्वामियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
अब एक सप्ताह के भीतर अभियान चलाकर ऐसे निर्माण कार्यों को सील किया जाएगा। विहित प्राधिकारी न्यायालय में पैरवी करके नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी कराई जाएगी।
समीक्षा बैठक में यह भी पाया गया कि कुछ भवन स्वामी एफएआर खरीदने पर सहमत हैं और सभी शुल्क जमा करना चाहते हैं। उपाध्यक्ष ने निर्देश दिया है कि सही मामलों का बिना देर किए निस्तारण किया जाए।
ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे आपत्ति-सुझाव
उपाध्यक्ष ने कहा कि भू-उपयोग परिवर्तन के मामलों में अब से लोग एलडीए की वेबसाइट के माध्यम से आनलाइन आपत्ति-सुझाव दर्ज कर सकेंगे।
Tags
DAILY NEWS
